मेरठ। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में खत्ता रोड पर सोमवार सुबह एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आसपास की दुकानों तक भी आग पहुंचने लगी। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आसपास के लोग काफी हद तक आग पर काबू पा चुके थे। आग में करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में खत्ता रोड पर सन्नी की ऑटो पार्ट्स की दुकान है। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देख मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने इसकी जानकारी दुकान मालिक सन्नी को फोन कर दी। आसपास के लोग फायर ब्रिगेड को सूचना देकर खुद आग बुझाने में जुट गए। आग से धुआं आसपास के इलाके में फैल गया। जब तक आग बुझी करीब दो लाख का सामान जलकर राख हो चुका था। सन्नी ने बताया कि दुकान में रखे करीब दो लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान जल गया। संभवत: शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।