बंद मकान में लगी आग, फायर बिग्रेड ने पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेस प्रथम की डबल स्टोरी में शुक्रवार को समाचार पत्र विक्रेता पवन जैन के बंद मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से घर में रखा लाखों का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
पवन जैन ने बताया कि वह अखबार का वितरण करने गए थे। इस दौरान घर पर कोई नहीं था और ताला लगा था। मकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर रखे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, दस्तावेज समेत लाखों का सामान जल गए। पवन के अनुसार उनकी पत्नी शिक्षिका हैं और स्कूल गईं थी, साथ ही बच्चे भी स्कूल गए हुए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने घर से धुआं उठता देख आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन जब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। पवन जैन ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।