संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। एनएच-58 स्थित मोदीपुरम फ्लाईओवर पर मंगलवार को चलती सीएनजी कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर यातायात रुक गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पल्लवपुरम पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने यातायात को दूसरे लेन से निकालकर कुछ देर बाद हाईवे को सुचारू कराया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जटोली निवासी विक्रांत अपनी सीएनजी कार से सिवाया से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार मोदीपुरम फ्लाईओवर पर पहुंची, अचानक शॉर्ट सर्किट होने से इंजन के हिस्से से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल गया। इसके बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-58 पर यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। आग से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-