लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के ऊंचा सद्दीकनगर स्थित भूमिया के पुल गली नंबर-1 में सोमवार दोपहर दो बजे दो भाईयों मोहम्मद जुनैद व मोहम्मद जमशेद के ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में अचानक से आग लग गई। चार्जिंग पर लगी बैटरी के फटने की वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
चार्जिंग स्टेशन से ऊंची लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर दौड़ पड़े। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कुछ सामान और ई-रिक्शा की करीब दो बैटरियां जल गईं। स्थानीय लोगों ने के साथ मिलकर दोनों भाइयों ने अग्निशमन यंत्र द्वारा आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
ऊंचा सद्दीकनगर निवासी मोहम्मद जुनैद और मोहम्मद जमशेद का भूमिया के पुल के पास ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे चार्जिंग स्टेशन में बैटरियां चार्ज हो रही थीं। घटना के समय दोनों भाई दुकान पर ही मौजूद थे। इस दौरान एक बैटरी अचानक से फट गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार व आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
अचानक आग की लपटें उठती देखकर वह घबरा गए और किसी तरह दुकान से बाहर निकले। आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ई-रिक्शा की बैटरियां और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि पुलिस को आग लगने की जानकारी नहीं मिली है।