संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस के 13 वर्षीय छात्र की पिटाई के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक अनुज कुमार त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छात्र की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया था।
कस्बे की एक कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने बृहस्पतिवार को थाने में दी तहरीर में बताया कि था कि उनका 13 वर्षीय पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात शिक्षक अनुज कुमार त्यागी काफी समय से उनके पुत्र से ईर्ष्या रखते हैं और आए दिन उसे डांटते रहते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे शिक्षक कक्षा में पहुंचे और किसी बात को लेकर छात्र की पिटाई की। परिजनों ने शिक्षक पर छात्र का विद्यालय से नाम कटवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि पिटाई के बाद छात्र के शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद से वह विद्यालय जाने से डर रहा है और मानसिक रूप से परेशान है। वहीं, कक्षा में हुई पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-