शाकिब मौत प्रकरण :गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नंगला रोड पर गोली मारकर जान देने वाले युवक शाकिब के शव को बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में शोक मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक युवती समेत छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला जोगियान निवासी शाकिब का मेरठ निवासी एक युवती से संबंध बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि युवती और उसके परिजन लंबे समय से शाकिब पर रुपये देने का दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि हाल ही में शाकिब ने युवती को एक महंगा मोबाइल फोन भी दिलाया था, जिसकी किश्तें वह स्वयं चुका रहा था। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाने लगा। परिजनों के अनुसार 10 जून को युवती ने शाकिब और उसके दो भाइयों के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि समझौते के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी, जिससे शाकिब मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते बुधवार रात उसने नंगला ऑर्डर गांव के पास जाकर खुद को गोली मार ली। मामले में मृतक के भाई आमिल की तहरीर पर पुलिस ने युवती अजमा, नाजमा, उजमा, मीना, दानिश और रिहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने का भी दावा किया है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।