संवाद न्यूज एजेंसीबहसूमा। थाना बहसूमा क्षेत्र के गांव सदरपुर निवासी संजीव की आत्महत्या के मामले में मृतक के छोटे भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
संदीप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसके बड़े भाई संजीव को उसकी पत्नी सरिता, सास मुन्नी निवासी गांव सैनी थाना इंचौली, साली संगीता, साढ़ू रिंकू तथा मृतक का साले नितिन पोहल्ली मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 17 जुलाई को ससुराल वालों ने घर पर आकर उसके साथ मारपीट की थी। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर संजीव ने आत्मघाती कदम उठाया।
रविवार शाम संजीव का शव गांव सदरपुर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। संजीव की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक छह वर्षीय बेटा आदित्य देशवाल है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।-