संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता किशोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 21 मार्च को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। करीब चार दिन बाद किशोरी बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद क्षेत्र में एक युवक के साथ मिली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुबारिक निवासी पिलखुआ जनपद हापुड़ बताया और किशोरी से प्रेम संबंध होने की बात कही। पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी नाबालिग है और युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
परिजन किशोरी और युवक को लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।