कंकरखेड़ा। नववर्ष पर पत्नी और नौ साल की बेटी के साथ घूमने गए सुभाषपुरी निवासी फाइनेंसर हरदीप सिंह (42) की मंगलवार को शिमला में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। भाई की मौत की सूचना पर बुधवार को पहुंची हरदीप सिंह की बहन ने भाभी पर हत्या का आरोप लगा हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने शिमला पुलिस से बात की तो हृदय गति रुकने से फाइनेंसर की मौत की जानकारी मिली है। लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
कस्बा चौकी इंचार्ज विनीत शर्मा ने बताया की सरधना रोड स्थित सुभाषपुरी निवासी हरदीप सिंह फाइनेंस का काम करते थे। हरदीप की शादी लगभग 12 वर्ष पूर्व निशा से हुई थी। शादी के बाद दोनों के एक बेटी प्रीत हुई। पत्नी निशा ने पुलिस को बताया कि वह नए साल का जश्न मनाने के लिए शिमला घूमने गए थे। सोमवार शाम परिवार शिमला पहुंच गया था। मंगलवार सुबह अचानक से हरदीप सिंह की तबीयत खराब हो गई। निशा पति को लेकर पास के अस्पताल में पहुंची। जहां कुछ देर बाद चिकित्सकों ने हरदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया।
शिमला के बालूगंज थाने की पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। हरदीप सिंह की विवाहित बहन गुरविंदर कौर बुधवार को मुरादाबाद से भाई के घर पहुंची और हत्या का आरोप लगा हंगामा करने लगी। सूचना पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने पूछताछ की। इसके बाद शिमला पुलिस से संपर्क किया गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि फाइनेंसर की मौत शिमला में हुई है। शिमला पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेगी। हालांकि थाना पुलिस भी अपने स्तर से जानकारी जुटा रही है।