जानीखुर्द (मेरठ)। जानी खुर्द में मेरठ-बागपत मार्ग पर स्थित गोल्डन सिटी कॉलोनी में मंगलवार की रात फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अरुण कुमार (27) ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार जिला मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना के गांव अलीपुर अटेरना निवासी अरुण कुमार पुत्र रविंद्र जानी में स्थित सत्या माइक्रो कैपिटल फाइनेंस कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता था। फाइनेंस कंपनी का कार्यालय मेरठ-बागपत मार्ग पर जानी में स्थित गोल्डन सिटी कॉलोनी में है। कार्यालय के एक हिस्से में ही अरुण कुमार का निवास था। मंगलवार की शाम अरुण कुमार अपने कमरे पर था। किसी काम से एक कर्मचारी अरुण कुमार के कमरे पर उससे मिलने के लिए आया। उसने कमरे का बंद दरवाजा खुलवाने के लिए अरुण को आवाज लगाई। काफी देर तक आवाज लगाने पर भी कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर किसी अनहोनी की आशंका में सूचना 112 पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। कमरे में अरुण कुमार फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। रात में परिजन जानी थाने पहुंचे। सीओ संजय जायसवाल का कहना है कि पुलिस घटना को लेकर परिजनों से पूछताछ कर रही है। फांसी लगाने का कारण पता किया जा रहा है।