मेरठ के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में शुक्रवार को अंतिम गवाही दर्ज की जाएगी। कसौल के होटल मैनेजर कोर्ट में बयान देंगे, जिसके बाद मामले में गवाही की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
दंपती के रिश्ते और भरोसे को रक्तरंजित करने वाले सौरभ हत्याकांड में शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अंतिम गवाह के बयान दर्ज किए जाएंगे। इस दौरान कसौल स्थित होटल के मैनेजर की गवाही कराई जाएगी। माना जा रहा है कि इस बहुचर्चित मामले में इसी माह अदालत का फैसला आ सकता है।
कसौल होटल मैनेजर की होगी गवाही
जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे ने बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी मुस्कान और साहिल शिमला, मनाली और कसौल के होटलों में रुके थे। इन तीनों होटलों के सीसीटीवी फुटेज अदालत में जमा कराए गए थे, जिनकी फोरेंसिक जांच भी कराई जा चुकी है।
अब तक 19 गवाहों के हो चुके बयान
उन्होंने बताया कि साक्ष्य अधिनियम की धारा 65 बी के अंतर्गत संबंधित होटलों के मैनेजरों ने अदालत में प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया था। इस क्रम में शिमला और मनाली के होटल मैनेजरों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। शुक्रवार को कसौल के होटल मैनेजर अदालत में गवाही देंगे। उन्हें यह बताना होगा कि अदालत में जमा किए गए फुटेज और प्रमाण पत्र उन्हीं के द्वारा दिए गए हैं और वे सही हैं।
इस मामले में अब तक कुल 19 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। कसौल होटल मैनेजर की गवाही के बाद इस केस में गवाही की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।