जानीखुर्द। जानी में मुख्य मार्ग पर तीन दिन से भरा बारिश का पानी फोटो संवाद जानीखुर्द। जानी में
जानीखुर्द। जानी खुर्द गांव में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बरसात के कारण गांव का मुख्य तालाब पूरी तरह ओवरफ्लो हो चुका है। पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था न होने की वजह से अब तालाब और नाले का गंदा पानी गांव के मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर लबालब भर गया है। गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण गांव के कई कच्चे और पुराने मकान गिरने के कगार पर पहुंच गए हैं। कई घरों में नाले और तालाब का दूषित पानी जमा होने से खाने-पीने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन की लापरवाही और जल निकासी की सुस्त व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों का सब्र आखिरकार बृहस्पतिवार को टूट गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर जानी ब्लॉक कार्यालय का रुख किया और अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर जल्द से जल्द जल निकासी कराने की मांग की। शिकायत करने वालों में सुशील आडवाणी, राजू, सूरज, बिंद्र, प्रमोद आदि रहे। वहीं बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण पानी निकासी का प्रबंध करने में दिक्कत आ रही है।