रोहटा। पूठखास गांव में बारिश के चलते मकान की छत गिरने के बाद पड़ा मलबा। संवाद
रोहटा। पूठखास निवासी ओमप्रकाश पुत्र बलजीत ने मवेशियों के लिए सीमेंट की कड़ी व सिल्ली से छत डालकर एक कमरा बना रखा है। बृहस्पतिवार सुबह उनकी पत्नी सरोज मवेशियों को चारा डालने के लिए कमरे में गई थीं। चारा डालने के बाद वह बाहर निकलने लगीं तो तभी अचानक तेज आवाज के साथ कमरे की छत भरभराकर गिर गई। छत से गिरी मिट्टी और सीमेंट की सिल्ली की चपेट में आने से सरोज घायल हो गईं, जबकि कमरे में बंधी दो भैंस भी मलबे में दब गईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला व दोनों मवेशियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल महिला को अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।