मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में बीएड फाइनल समेत 26 कोर्सों में छह जून से ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। सीसीएसयू की वेबसाइट पर इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरे जाने की अंतिम तिथि 21 जून है। परीक्षा फार्म मोबाइल के माध्यम से भी भर सकते हैं।
सीसीएसयू ने 26 कोर्सों के परीक्षा फार्म, बैक फार्म और भूतपूर्व छात्रों के फार्म भरे जाने को रविवार को विवि ने सूचना जारी कर दी है। सत्र 2019-20 की सम सेमेस्टर द्वितीय, चतुर्थ, छठे, आठवें और दसवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा एवं विगत सत्रों की निर्धारित समयाविधि में अर्ह छात्रों की भूतपूर्व एवं बैक पेपर के फार्म विवि की वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in एवं www.ccsuweb.in पर ऑनलाइन भरे जाएंगे। परीक्षा फार्म ऑनलाइन छह जून से भरे जा सकते हैं। परीक्षा फार्म ऑनलाइन एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 जून रखी गई है। कैंपस-कॉलेजों में भरे गए फार्म का प्रिंट आउट जमा करने की अंतिम तिथि 23 जून है। कॉलेजों द्वारा कैंपस में फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 24 जून रखी गई है। लॉकडाउन बढ़ने की अवधि में इस तिथि को आगे बढ़ा दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं की सुविधा को देखते हुए फिलहाल विवि ने फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है।
ये हैं 26 कोर्स
बीएड फाइनल, बीबीए, बीसीए, बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी, बीजेएमसी, बीवॉक, बीएससी कंप्यूटर सांइस, बीएससी होम साइंस, बीएससी होम साइंस क्लीनिकल न्यूट्रिशियन एंड डाइटीज, बीएससी ज्वैलरी डिजाइन, बीपीईएस, एमजेएमसी, एमआईबी, एमबीई, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी बायोकेमेस्ट्री, एमएससी होम साइंस होम मैनेजमेंट, एमएससी ह्यमन डेवलेपमेंट, एमफए, इंटीग्रेटिड एमटेक बायोटेक, बीटेक, एमबीए इन सीएस-सिविल, एमपीईएस, एमएलआईसाइंस।
ये रखें ध्यान
सीसीएसयू की वेबसाइट पर यूजी और पीजी क्लासेज अंडर सेल्फ फाइनेंस स्कीम पर क्लिक करें। विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरते समय अपना फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। परीक्षा शुल्क ऑनलाइन ही भरा जाएगा। परीक्षा फार्म भरने के बाद उसका प्रिंट आउट निकाल लें या मोबाइल फोन पर डाउनलोड करके बाद में उसका प्रिंट निकलवा लें। छात्र अपने सभी जरूरी प्रमाणपत्र फॉर्म के साथ संलग्न कर विवि में जमा करें। संबंधित कॉलेज परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों की कोविड-19 वैश्विक महामारी के दृष्टिगत ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से 75 फीसदी उपस्थिति तथा न्यूनतम आवश्यक पढ़ाई की स्थिति सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी विद्यार्थी की यह औपचारिकताएं पूर्ण न हों तो संबंधित विद्यार्थी का परीक्षा फार्म अग्रसारित न करते हुए परीक्षा से पूर्व इसकी सूचना विवि के कमेटी सेल को देंगे एवं सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे विद्यार्थी परीक्षा में न बैठ सकें।