थाना ब्रह्मपुरी के पास पूर्वा इलाही बख्श में रविवार रात होली का चंदा मांगने पर दो वर्गों में मारपीट और पथराव हो गया। एक पक्ष ने होलिका को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। एसपी सिटी, दो सीओ और चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाने पर करीब तीन घंटे हंगामे के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
पूर्वा इलाही बख्श क्षेत्र के हरिनगर मोहल्ले में मिश्रित आबादी है। हिंदू पक्ष ने हर साल की तरह निर्धारित स्थान पर होलिका रखी है। रविवार रात अमित, अंकित, मल्लू और कपिल होली का चंदा एकत्र कर रहे थे। पास में ही दुकान पर खड़े साकिब, कासिम, मोइन, अमन, फरमान, शाहिद और शादान समेत कई युवकों ने चंदा एकत्र कर रहे युवकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
थोड़ी ही देर में इसे लेकर दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इसमें कई वाहन और घरों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में थाने पहुंचे भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा, अंकुर गोयल और दीपक शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मारपीट में कुछ युवकों को चोटें आईं हैं। एसपी सिटी को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।