मुंडाली। क्षेत्र के गांव अजराड़ा में दो पक्षों में रंजिश के चलते मारपीट और पथराव हो गया। बृहस्पतिवार को गांव अजराड़ा में अब्बास पुत्र उस्मान अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। जब मकान की नींव रखी जा रही थी तो बराबर में बने अब्दुल कलाम के मकान का पानी निर्माणाधीन मकान की नींव में आ रहा था। इसे रोकने के लिए मिस्त्री ने ईंट व सीमेंट लगा दिया। जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के साथ-साथ मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर शाफियाबाद लोटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भाग गए। ग्रामीणों ने बताया कि अब्दुल कलाम और अब्बास पक्ष में प्लॉट के रास्ते को लेकर रंजिश चली आ रही है। इसमें करीब छह महीने पहले अब्बास के चचेरे भाई दिलशाद जो कि पेशे से होमगार्ड हैं उनके साथ भी मारपीट की गई थी। इसमें अब्दुल कलाम पक्ष के लोग जेल गए थे। तभी से दोनों पक्ष एक-दूसरे से रंजिश बांधे हुए हैं। एसओ देवेंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि घटना की तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अभी कोई भी पक्ष सामने नहीं आया है।