मेरठ। एक युवक को दो लोगों ने लिसाड़ी गांव में एक प्लाट दिखाकर उसका सौदा कर लिया। उसका बैनामा कर 15 लाख रुपये भी ले लिए। कुछ दिन बाद ही प्लाट पर जेसीबी चलाकर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर लिया। दोनों आरोपी अब युवक को न तो प्लाट का कब्जा दिला रहे हैं न ही रकम वापस कर रहे है। लोहिया नगर थाने में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पड़ताल में जुटी है।
ईस्ट दिल्ली शाहदरा के ज्योतिनगर एंकलेव निवासी आकाश वर्मा ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी गोपाल ने उसे ग्राम लिसाड़ी में 100 गज का प्लाट दिखाया। आरोपी ने उससे सौदा किया। पांच लाख रुपये उसे नकद दिए। उसने 10 अक्टूबर 2024 को 15 लाख रुपये देकर बैनामा कर लिया। एक माह बाद उसे पता चला कि दिखाए गए प्लाट पर किसी ने जेसीबी से खोद दिया है। उसने गोपाल व जमीन के पूर्व मालिक जगप्रवेश शर्मा से शिकायत की। सीओ कोतवाली से धोखाधड़ी की शिकायत की।
इस पर आरोपियों ने फैसला कर उसे छह लाख रुपये का चेक व तीन लाख रुपये नकद देने की बात कही। आरोप है कि चेक बाउंस हो गया और कैश रुपया भी नहीं मिला। आकाश ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। पीड़ित की तहरीर पर लोहियानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।