परतापुर/मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के इकला गांव में देर रात मकान के दरवाजे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस दौरान एक व्यक्ति के पैर में भी गोली लगी। कुछ दिन पहले कहासुनी के बाद आरोपियों ने फोन पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
इकला गांव निवासी (26) मोहित की कई दिन पहले गांव में ही कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन दूसरा पक्ष अंदर ही अंदर रंजिश रख रहा था। शुक्रवार रात एक युवक ने मोहित को फोन पर धमकी दी कि उस दिन बहुत ज्यादा बोल रहा था, अब अंजाम भुगतने के लिए तैयार हो जा। मोहित ने यह कहते हुए फोन काट दिया कि जो करना है कर लेना। थोड़ी देर बाद आरोपी युवक साथियों के साथ वहां पर आया और मकान के दरवाजे पर कई राउंड फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली मोहित के पिता रमेश चंद के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। एसपी सिटी पियूष कुमार सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
वर्जन
दोनों पक्षों के बीच कई दिन पहले कहासुनी हो गई थी। फायरिंग में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - रामफल सिंह, थाना प्रभारी परतापुर