मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के खैरनगर स्थित दवाओं के गोदाम में बुधवार शाम आग लगने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दमकल की गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से हुए नुकसान का फिलहाल आकलन नहीं हो पाया है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।
साकेत मानसरोवर निवासी नरेश गुप्ता की खैर नगर में रचना एंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। वह दवा का कारोबार करते हैं। निचले हिस्से में दुकान है जबकि प्रथम तल पर उन्होंने गोदाम बनाया हुआ है। बुधवार शाम करीब छह बजे उनके गोदाम से धुआं निकलता देख लोगों ने शोर मचा दिया।
नीचे दुकान में मौजूद नरेश गुप्ता दौड़कर प्रथम तल पर पहुंचे। जैसे ही जीने का दरवाजा खोला तो अंदर आग की लपटे उठ रहीं थी और पूरा कमरा धुएं से भर गया था। सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कर्मचारी उन्हें नीचे लेकर आए। आसपास के कुछ लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने खिड़कियों के शीशे तोड़े।
बाद में सूचना मिलने पर घंटाघर स्थित दमकल स्टेशन से दो गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक अंदर रखा काफी सामान जल चुका था।
नरेश गुप्ता ने बताया कि उनका ब्रांडेड दवा का कारोबार है। गोदाम में काफी माल रखा था, जो जल गया है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन कर पाना संभव नहीं है। घंटाघर फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दुष्यंत कुमार शर्मा ने बताया कि दवाओं के गोदाम में आग पर काबू पा लिया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।