मेरठ में परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया गया कि झुग्गी-झोपड़ियों में आग लग गई थी। आग लगने से यहां कई झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात बिजली बंबा बाईपास पर 2:30 बजे अचानक आग लग गई। यहां स्थित झुग्गी-झोपड़ियों से आग की लपटें उठता देख लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।
यह भी पढ़ें: खतौली उपचुनाव : रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया ने दाखिल किया नामांकन पत्र, बोले-एकजुटता से मिलेगी जीत
सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स लेकर ब्रह्मपुरी सीओ भी मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया कि लिसाड़ी गेट मार्ग पर बहुत सी झुग्गी-झोपड़ियां बनी हुई हैं। इन्हीं में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने से 10 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई व्यक्ति नहीं झुलसा। आग किस कारण से लगी इसकी वजह पता नहीं चल सकी, पुलिस जांच में जुटी है।