बुधवार को छोटी दिवाली पर बाजारों में भीड़ उमड़ी तो शहर की मानों रफ्तार थम गई। ट्रैफिक सिस्टम दिन भी दौड़ता रहा। शाम को हालात और ज्यादा बिगड़ गए। मुख्य बाजारों में पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
दोपहर को एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेई शहर में घूमकर सड़क पर जाम का कारण बन रहे वाहनों को हटवाते रहे। इस दौरान अवैध पार्किंग बनाये जाने वाले स्थानों पर भी ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। दोपहर करीब तीन बजे लोगों की काफी भीड़ बाजारों में खरीदारी के लिए देखी गई। लालकुर्ती पैठ बाजार, जीरो माइल, बेगमपुल, तक वाहनों की कतारें लग गईं। आबूलेन बाजार के नाले के आसपास चारों तरफ वाहन खड़े हो गए। दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डा, केसरगंज, रेलवे रोड, मेट्रो प्लाजा, बागपत रोड, परतापुर व रिठानी में भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बुढ़ाना गेट, भूमिया पुल जाम
बुढ़ाना गेट चौराहे पर शाम को जबरदस्त जाम लग गया। जाम खुलवाने के लिए कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस को जूझना पड़ा। हापुड़ अड्डे से भूमिया का पुल और भूमिया पुल से देहली गेट चौराहे तक जगह-जगह जाम लगता रहा। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, गढ़ रोड पर नई सड़क के कट पर भी लोग जाम में फंसे रहे। शास्त्रीनगर एल ब्लॉक तिराहा और गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के पास भी जाम की स्थिति बनी रही।
पैदल निकलना भी मुश्किल
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि शहर में जाम न लगे, इसलिए तीन सीओ, टीआई, तीन टीएसआई, दस ट्रेमो बाइक को सुबह से ही लगाया गया था। लेकिन कई जगह इतनी भीड़ उमड़ी कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल था। जहां भी चार पहिया वाहन पहले से खड़े हो रहे हैं, वहीं जाम की समस्या बन रही है।