मेरठ। टीपीनगर की न्यू मेवला कालोनी में बुधवार सुबह महिला अधिवक्ता डॉ. अंजली गर्ग (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के गेट पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। महिला का पति से तलाक होने के बाद मकान को लेकर ससुर से विवाद चल रहा था। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लिया है। वहीं, हत्या के विरोध में वकीलों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
डॉ. अंजली पति नितिन गुप्ता से तलाक के बाद ससुर पवन गुप्ता के टीपीनगर के न्यू मेवला कालोनी स्थित मकान में अकेले रहती थीं। मकान को लेकर अंजली का पवन गुप्ता से विवाद चल रहा था। दोनों की तरफ से कई मुकदमे दर्ज कराए गए थे। अंजली बुधवार सुबह साढ़े छह बजे घर से कुछ दूर डेयरी से दूध लेने गई थीं। वहां से लौटने पर घर के गेट पर ही स्कूटी सवार दो युवकों में से एक ने कनपटी में गोली मार दी। अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक स्कूटी पर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले वाले बाहर आए तो अंजली खून में लथपथ पड़ी थीं। सूचना पर टीपीनगर पुलिस, सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह, एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्कवायड की टीम ने जांच की। एसएसपी ने बताया कि स्कूटी पर आए दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने मास्क लगाया था। माधवपुरम गेट के पास दोनों युवक सीसीटीवी फुटेज में दिखे हैं। अंजली के भाई नीरज ने नितिन गुप्ता और उसके पिता पवन गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरे एंगिल पर भी जांच रही है।