मेरठ कचहरी में ई फाइलिंग केंद्र का हुआ शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ कचहरी में बुधवार को ई फाइलिंग की शुरुआत कर दी गई। जिला जज रजत सिंह जैन ने कचहरी की हेरिटेज बिल्डिंग स्थित ई फाइलिंग केंद्र का शुभारंभ शाम साढ़े चार बजे किया। ई फाइलिंग का काम पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर करने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया था, जिसके बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। जिला जज ने कहा कि यहां सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
ई फाइलिंग व्यवस्था लागू होने के बाद सबसे पहले मेरठ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता परवेज आलम ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया। इस मौके पर कमर्शियल कोर्ट जज वेद प्रकाश वर्मा, अपर जिला जज चंद्र प्रकाश तिवारी, अपर्णा पांडे, बृजेश नारायण त्रिपाठी, प्रमोद कुमार गंगवार, शैलेश पांडे, सीजेएम आकांक्षा मिश्रा, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहिताश कुमार अग्रवाल, महामंत्री अमित कुमार दीक्षित समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने उठाई थी मांग
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने केंद्रीय न्याय मंत्री और राज्यसभा में ई-फाइलिंग की मांग उठाई थी। 30 नवंबर 2022 को केंद्रीय न्याय मंत्री को दिए पत्र में उन्होंने मांग की थी कि कोरोना महामारी के समय उपजी वर्चुअल पद्धति का प्रयोग करके प्रत्येक जिले में यह व्यवस्था दी जानी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति अपने वकील के माध्यम से अपने जिले से ही उच्च न्यायालय में वाद दायर कर सके। नौ मार्च 2023 को केंद्रीय मंत्री ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र लिखकर ई-फाइलिंग कोर्ट बनाने का आग्रह किया था। इसके बाद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने राज्यसभा में ये मांग उठाई थी। डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरठ में प्रदेश की ई-फाइलिंग कोर्ट शुरू होने से वादकारियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
सांसद निधि से देंगे धनराशि
वाजपेयी ने कहा कि मेरठ का ई फाइलिंग सेंटर सर्वश्रेष्ठ सुविधाओं से युक्त बने। इसके लिए आवश्यक धनराशि मैं अपनी सांसद निधि से दूंगा। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि इसके लिए भूमि की व्यवस्था कलेक्ट्रेट-कचहरी परिसर में की जाए और शीघ्र काम शुरू कराया जाए।