- नगर आयुक्त ने गृहकर विभाग के अधिकारियों को छुट्टी में भी काम करने के दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जनपद में गृहकर के बकायादारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 50 से अधिक बकायादारों पर एक लाख रुपये से ऊपर का गृहकर का बकाया है। इसे लेकर नगर आयुक्त ने गृहकर विभाग के अधिकारियों को छुट्टी में भी बकायादारों से वसूली के निर्देश दिए हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने सूची बनाकर बकायादारों को नोटिस भेजा और अब उनके भवन को सील करने की तैयारी कर ली है।
नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि गृहकर जमा करने के लिए छुट्टी में भी कैश काउंटर और कंप्यूटर कक्ष भी खुले रहेंगे। गृहकर विभाग के कर निर्धारण अधिकारी टीम लेकर बकायादारों से वसूली करने का अभियान जारी रखेंगे। 26 जनवरी और रविवार को भी निगम के अधिकारी, गृहकर के बकायादारों पर कार्रवाई करेंगे। नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा का कहना है कि टीम ने छुट्टी मेंं भी गृहकर वसूलने का अभियान चलाने की बात कही है। कंकरखेड़ा, शास्त्रीनगर और मेरठ जोन मुख्यालय में अभियान चलाने से पहले कर निर्धारण अधिकारियों ने बकायादारों को नोटिस जारी किया है। 50 से अधिक बकायादारों पर एक लाख रुपये से ऊपर का बकाया है। सरकारी कार्यालय, शिक्षा संस्थान और निजी भवनों पर सील की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि भवन पर सील की कार्रवाई के डर से एक सप्ताह में 10 बकायादारों ने आधा पैसा जमा भी कर दिया है। उनको भी पूरा पैसा जमा करने के लिए चेतावनी दी है।