मेरठ। राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से लागू होने जा रही सिंगल स्टैप डिलीवरी योजना का एप एफसीआई से कोटेदार तक पहुंचने वाले राशन की हिफाजत करेगा। विभाग यह एप जल्द सभी कोटेदारों को उपलब्ध कराएगा।
शासन ने तीन जनपद में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सिंगल स्टैप डिलीवरी योजना शुरू की। इसके तहत एफसीआई के गोदाम से राशन सीधा कोटेदार तक पहुंचने लगा। शासन ने मेरठ जनपद में भी पायलट प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी है।
82 दुकानों पर सीधे पहुंचेगा राशन
विभाग ने पहले चरण में कंकरखेड़ा खिर्वा रोड के गोदाम की दुकानों को योजना से जोड़ने की तैयारी की है। यहां से देहात की 22 और शहर की 60 दुकानों पर राशन जाता है। सिंगल स्टैप डिलीवरी योजना के तहत इन दुकानों पर राशन एफसीआई के परतापुर स्थित गोदाम से पहुंचेगा।
कोटेदार व कर्मचारियों को मिलेगा एप
इस योजना में विभाग कोटेदार और कर्मचारियों को एप से जोड़ेगा। एफसीआई से राशन निकलते ही कोटेदार के एप पर जानकारी पहुंच जाएगी। कोटेदार को मेसेज मिलने के बाद कोड फीड करना होगा। जल्द विभाग एप को लेकर ट्रेनिंग कराने जा रहा है। वहीं, राशन लेकर चलने वाली गाड़ियों में जीपीएस लगाया जाएगा।
राशन वितरण में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। पहले चरण में 82 दुकानों को लाभ मिलेगा। जल्द एप सभी कोटेदारों को उपलब्ध कराकर ट्रेनिंग कराई जाएगी।-नीरज सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी