मेरठ। ससुराल में युवती के उत्पीड़न और ससुर पर छेड़छाड़ के आरोप के मामले में रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बाद में थाने में भी मारपीट और हंगामा हुआ। दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस जांच कर रही है।
क्षेत्र की एक कॉलोनी की युवती की शादी नौ माह पहले मुरादनगर निवासी युवक के साथ हुई थी। उसके मुताबिक बताया शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि दो महीने पहले ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह मायके में रहने लगी थी। युवती के मुताबिक रविवार दोपहर पति, ससुर सहित ससुराल वाले अन्य रिश्तेदारों के साथ पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। दोनों पक्ष के लोगों में थाने में भी मारपीट हो गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में भी तहरीर दी है। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म की शिकायत कर रुपये ऐंठने का प्रयास, तीन के खिलाफ रिपोर्ट
मेरठ। दुष्कर्म की शिकायत कर युवक से रुपये ऐंठने के प्रयास के मामले में एसएसपी के आदेश पर दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। श्याम नगर निवासी व्यकित ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनका पुत्र सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है। कुछ दिन पहले उनके पुत्र को हापुड़ रोड स्थित हॉस्पिटल में कैमरे ठीक करने के लिए बुलाया गया था। पुत्र ने वहां जाकर देखा तो सारे कैमरे ठीक थे। आरोप है कि उनके पुत्र को दुष्कर्म के मामले में फंसाने के इरादे से बुलाया गया था। वह किसी तरह वहां से बचकर निकल आया। उनका पुत्र शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। दूसरे पक्ष ने पूर्व में भी एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत की थी। इसके बाद पैसे लेकर उसके पक्ष में बयान देकर शिकायती पत्र वापस ले लिया था। अब इसी तरह पैसे ऐंठने के लिए उनके पुत्र के खिलाफ डीएम और मुख्यमंत्री तक शिकायत की गई है। एसएसपी के आदेश पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-