बहसूमा। नितिन नागर को श्रद्धांजलि देते हुए बलराज डूंगर व अन्य फोटो संवाद
नितिन हत्याकांड: पंचायत की आशंका में गांव में अलर्ट रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। इकलौते बेटे नितिन नागर की हत्या का गम पिता सतीश नागर से सहा नहीं गया। शुक्रवार को माखननगर गांव में हुई शोकसभा में बेटे को याद कर वह भावुक हो गए और अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। पिता को बेसुध देखकर परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। इससे शोकसभा का माहौल और गमगीन हो गया। काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नितिन को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
शोकसभा में लोगों ने नितिन के परिवार को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर कुछ लोगों में नाराजगी भी दिखाई दी। लोगों ने मुठभेड़ की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। लोगों का कहना था कि घटना की निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आनी चाहिए।
नितिन की शोकसभा को लेकर पुलिस भी अलर्ट रही। पंचायत के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। शोक सभा में गन्ना समिति चेयरमैन विनोद भाटी, भाजपा नेता बलराज डूंगर, सपा नेता प्रभुदयाल वाल्मीकि, ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, प्रमुख योगेश कुमार, सपा नेता प्रमोद तंवर, भाकियू धनसिंह कोतवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर, करतार सिंह, राजकुमार, तेजपाल सिंह, सपा नेता मोनू पवार, रुद्रप्रताप सिंह आदि रहे।
-