फास्टैग का किया ट्रायल, जाम में फंसे वाहन
मोदीपुरम। परिवहन मंत्रालय ने 15 दिसंबर से सभी टोल पर फास्टैग की व्यवस्था लागू की है। इसलिए सिवाया टोल पर भी वाहनों में फास्टैग लगाया जा रहा है। मंगलवार को तीन घंटे के लिए फास्टैग का ट्रायल किया गया। इस दौरान काफी लंबा जाम लगने से लोग परेशान रहे।
सिवाया टोल प्लाजा पर 15 दिन से गाड़ियों में फास्टैग लगाए जा रहे हैं। इसके लिए पेटीएम और आईसीआईसीआई बैंक द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। टोल प्लाजा मैनेजर प्रदीप चौधरी ने बताया कि फास्टैग के ट्रायल के लिए 3,4,5 नंबर लेन को बंद कर टैग वाली गाड़ियों को निकालने की व्यवस्था की गई। तीन घंटे के लिए की गई व्यवस्था के दौरान दो घंटे में ही भयंकर जाम लग गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदीप चौधरी ने बताया कि लोकल के वाहन स्वामी लाइन में लगने के लिए तैयार नहीं है, वह खाली लाइन से निकलने का प्रयास करते है, जिस कारण ज्यादा जाम की स्थिति बनी। अभी तक करीब 4800 वाहनों पर फास्टैग लगा दिया है।