फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ में किसान आज निकालेंगे जुलूस, सपा धरना देगी, रालोद करेगी बुद्धि-शुद्धि यज्ञ 

Mon, 14 Dec 2020 12:11 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
विज्ञापन
किसानों का विरोध-प्रदर्शन - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू और किसान संगठनों के कार्यकर्ता आज प्रदर्शन करेंगे। सहारनपुर में किसान गांधी पार्क से जुलूस निकालेंगे। सपा कार्यकर्ता हकीकत नगर में धरना देंगे, जबकि रालोद कार्यकर्ता बुद्धि-शुद्धि यज्ञ करेंगे। मेरठ में भी सपा कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क में धरना देंगे। रालोद कार्यकर्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर सरकार को सद्बुद्धि के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ करेंगे। 

विज्ञापन


बिजनौर में पुलिस ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा को उनके घर में ही नजर बंद कर दिया गया। बागपत में भाकियू कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोकने पर रविवार को किसानों ने बरनावा में बड़ौत-मेरठ मार्ग जाम कर दिया। चार घंटे तक धरना प्रदर्शन किया किया गया। किसानों ने एलान किया है कि 14 दिसंबर को कलक्ट्रेट में किसान अपनी ताकत दिखाएंगे। शामली में भी किसान संगठन सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन देंगे। समाजवादी पार्टी भी कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन देगी।

रालोद का बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
राष्ट्रीय लोकदल की तरफ से किसान आंदोलन को लेकर सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर सरकार को सद्बुद्धि के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया जाएगा।  पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने बताया कि सरकार किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाना चाहती है। प्रशासन सरकार के इशारे पर किसानों को बॉर्डर पर खाना ले जाने से भी रोक रहा है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को झूठे मुकदमें दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। सरकार को सद्बुद्धि आए इसके लिए रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर सभी जिला मुख्यालयों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बुद्धि-शुद्धि किया जाएगा। जिससे वह दमन का रास्ता छोड़कर किसानों की मांगें मानकर आंदोलन खत्म कराए। ब्यूरो
विज्ञापन


सीएम बोले- किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर षड्यंत्र रच रहे विरोधी
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान आंदोलन को समर्थन दे रहे विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। कल सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधन में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को किसानों के विकास से परेशानी हो रही है. इसलिए वे किसान आंदोलन के बहाने षड्यंत्र रच रहे हैं। किसानों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वे लोग हैं जो भारत से नफरत करते हैं। देश की प्रगति, गरीब का विकास और समृद्धि नहीं चाहते। ये ही लोग आज किसान आंदोलन के सहारे देश को अस्थिर करना चाह रहे हैं। विरोधियों को चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोग इसलिए भी परेशान हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे ले जा रहे हैं. इसलिए विरोधी षड्यंत्र रच रहे हैं, क्योंकि किसानों को आज गन्ना भुगतान हो रहा है, किसानों के खाते में पैसा जा रहा है, किसानों के लिए फसल बीमा योजना के साथ कई योजनाएं आज चल रही हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें