भावनपुर के गांव अब्दुलापुर के समीप गंगानगर एक्सटेंशन योजना की भूमि पर पुलिस की मोजूद में चल रहा
मेरठ। गंगानगर एक्सटेंशन की भूमि से धरने पर बैठे किसानों को हटाने के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) यहां चहारदीवारी का निर्माण करा रहा है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद अब किसानों ने मुख्यमंत्री से मेडा की शिकायत करने का मन बनाया है। बुधवार को राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना के राष्ट्रीय सचिव गौरव गुर्जर ने बताया कि किसान जल्द लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे और उन्हें इस जबरन की गई कार्रवाई की जानकारी देंगे।
गौरव गुर्जर के मुताबिक किसान अब्दुल्लापुर के समीप गंगानगर एक्सटेंशन द्वितीय योजना के तहत खसरा नंबर 780, 781, 782 की भूमि का आज के सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा मांग रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर किसान 20 दिन से खेतों में धरने पर बैठे हुए थे। मंगलवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार, जोनल अधिकारी अर्पित यादव, प्रर्वतन दल और भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे किसानों को बलपूर्वक खदेड़ दिया था। इसके साथ ही पुलिस ने गौरव के अलावा किसान नेपाल सिंह, राजेंद्र, नरेश और देवेंद्र को हिरासत में लेकर शांतिभंग में कार्रवाई की थी। गौरव ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण और अत्याचार करार दिया। उन्होंने कहा कि किसान मुख्यमंत्री से मिलकर आज के सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा दिलाने की गुहार लगाएंगे।