शामली। सर्वखाप समन्वय किसान मंंच की ओर से सातवें दिन पांच किसान क्रमिक अनशन पर बैठे। किसानों के बेमियादी धरने में किसानों ने चेतावनी दी कि सांसद -विधायक किसानों की आवाज को सरकार तक उठाने का काम करें। अन्यथा किसान सांसद विधायकों को घेराव करने को मजबूर होंगे।
सोमवार को शामली गन्ना समिति कार्यालय में सर्वखाप समन्वय किसान मंंच की ओर से सातवें दिन क्रमिक अनशन पर रामपाल सिंह, जयपाल सिंह, ओमकार सिंह मतनावली, नीटू बेनिवाल, नान्नू बेनिवाल गोहरनी रहे। बतीसा खाप के चौधरी शोकेंद्र सिंह भैंसवाल ने कहा कि जिले की चीनी मिलों की ओर से संपूर्ण गन्ना भुगतान न होने पर किसान जल्द ही आरपार का संघर्ष करने का निर्णय लेंगे। किसानों ने कहा कि सांसद- विधायक भी किसानों की सुध नहीं ले रहे रहे हैं। भाकियू नेता देवराज पहलवान ने कहा कि किसान एकजुट होकर संघर्ष करें। सर्वखाप समन्वय किसान मंच के अध्यक्ष संजीव सिलावर ने कहा कि किसानों के धरने को अधिकारी हलके में ना लें। हसनपुर के थांबेदार संजीव मलिक, सुदेशपाल, रणपाल निर्वाल, देवेंद्र मुखिया, यशपाल, महिपाल, सत्य प्रकाश, सतबीर निर्वाल आदि मौजूद रहे।