संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। मटौर गांव स्थित साधन सहकारी समिति लिमिटेड में बुधवार को वार्षिक साधारण बैठक हुई। इसमें वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साथ ही किसानों को समिति से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता रविंद्र कुमार चौहान ने की। समिति सचिव श्याम सिंह ने समिति की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने किसानों को समिति में खाद के साथ बीमा, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, तीन प्रतिशत ब्याज की दर से ऋण की सुविधा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान समय से ऋण अदायगी कर तीन प्रतिशत ब्याज दर का फायदा उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समिति से ही गुणवत्ता वाले बीज एवं खाद खरीदें। बैठक में पूर्व चेयरमैन धर्मपाल सिंह, सुदेश कुमार, बिशन सिंह, किशनपाल, मुकेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।