बागपत जनपद के बड़ौत में नए कृषि कानून के विरोध में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर औद्योगिक पुलिस चौकी के पास चल रहा किसानों का धरना बुधवार को 12वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान किसानों ने सरकार को गूंगी व बहरी बताकर भैंस के आगे बिन बजाकर नए कृषि कानूनों का विरोध किया। देशखाप चौधरी ने भी देर शाम थांबेदारों के साथ पहुंचकर धरने को समर्थन दिया। बता दें कि गत 21 दिसंबर को डीएम को ज्ञापन देकर देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह ने भी थांबेदारों के साथ पहुंचकर धरने को समर्थन दिया।
बुधवार को धरनास्थल पर मौजूद किसानों ने थांबेदार पट्टी मेहर ब्रजपाल सिंह, आचार्य बलजोर सिंह आर्य, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट जयवीर सिंह तोमर व सभासद आशुतोष तोमर के संयुक्त नेतृत्व में भैंस को धरनास्थल पर लाकर उसके आगे बिन बजाकर कृषि कानून का विरोध किया। वक्ताओं ने कहा कि यह सरकार गूंगी व बहरी है, तभी तो सड़कों पर नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के दर्द को नहीं सुन पा रही है। कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब कि सिंघु बॉर्डर पर किसानों का धरना जारी रहेगा। इस दौरान पंजाब से आए 15 नौजवान युवाओं ने भी धरने को समर्थन दिया और कहा कि किसान जब तक आंदोलन करते रहेंगे, जब तक सरकार नए कृषि कानूनों के अपने फैसले को वापस नहीं लेती। इस अवसर पर चौबीसी खाप चौधरी सुभाष, थांबेदार ब्रजपाल सिंह, विक्रम सिंह आर्य, रणवीर ढ़िकाना, विपिन ढ़िकाना, डॉ. कृपाल सिंह, बबली तोमर, विकास मलिक एडवोकेट, शरद तोमर, जगवीर मलकपुर, हरपाल चौधरी, मास्टर सुरेश राणा, मास्टर जितेंद्र तोमर, रणधीर सिंह छपरौली, यशवीर पूर्व प्रधान मलकपुर, धर्मपाल चेयरमैन रमाला आदि शामिल रहे।
किसानों के आंदोलन को नहीं होने दूंगा कमजोर: सुरेंद्र
बुधवार की देर शाम देशखाप चौधरी सुरेंद्र चौधरी किसान हित को देखते हुए थांबेदारों व किसानों के साथ जुलूस के रूप में धरने में शामिल हुए और धरने को अपना समर्थन दिया। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि 21 दिसंबर को उनके नेतृत्व में दिया जा रहा धरने को सिंघु बॉर्डर के लिए शिफ्ट कर दिया था, मगर अब किसानों और थांबा चौधरियों के कहने पर वह दोबारा धरने पर आ गए है। किसानों के आंदोलन को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने नहीं दिया जाएगा। उनके साथ धरने में शामिल होने वालों में चौधरी यशपाल, ओमबीर, मांगेराम, जयपाल बावली, मुनेश बरवाला, नरेश ठेकेदार, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, गौरव बड़ौत, संजू तोमर, सोदान बड़ौली आदि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: होटल में रंगरलियां मना रहे थे प्रेमी जोड़े, पुलिस ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, देखिए तस्वीरें
धरने को समर्थन देने पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह भी बुधवार की दोपहर हाईवे पर चल रहे धरने को समर्थन देने पहुंचे। कहा कि नए कृषि कानूनों से आहत होकर जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर सरकार से नए कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/