गन्ना केंद्र का निरीक्षण करते जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पटेल
जिला गन्ना अधिकारी ने केंद्रों का निरीक्षण किया, लिपिकों में खलबली मची
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। सोमवार को जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पटेल ने गन्ना विभाग की टीम के साथ गन्ना क्रय केंद्रों पर अचानक छापामार कार्रवाई की। हालांकि निरीक्षण में घटतौली तो नहीं मिली। लेकिन गन्ना विभाग की छापा मार कार्रवाई से तौल लिपिकों में अफरातफरी मची रही।
सोमवार की दोपहर गन्ना विभाग की टीम जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पटेल के नेतृत्व में मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर स्थित किनौनी चीनी मिल के अरनावली गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंची। तौल कार्य कर रहे लिपिक का कांटा रजिस्टर, निरीक्षण पुस्तिका और उपस्थित रजिस्टर की जांच की। किसान की ट्रॉली को पांच क्विंटल के बाट रखकर पुनः तौल कराई। मामूली खामियां मिलने पर उन्हें पूरा करने के लिए लिपिक को चेतावनी दी।
टीम ने गन्ना क्रय केंद्र आजमपुर और पूठखास क्रय केंद्र पर निरीक्षण किया। किसानों से मिलकर उनकी समस्या सुनीं। किसानों ने इंडेंट बढ़वाने और किनौनी चीनी मिल से गन्ने का भुगतान जल्द दिलाने की मांग की। जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों की उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। किसानों से कहा कि यदि किसी किसान को कोई समस्या चीनी मिल प्रबंधन और गन्ना विभाग से है तो उसकी जानकारी गन्ना समिति सचिव को दें। तौल लिपिकों को नियमित समयानुसार तौल करने की सख्त हिदायत दी।
इस मौके पर किनौनी चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना उप महाप्रबंधक लोकेश राणा, गन्ना अधिकारी सचिन सांगवान, मलियाना गन्ना समिति के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक जगदीप गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक नवीन सांगवान निरीक्षण के समय टीम में मौजूद रहे।