वसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए किसानों को जागरूक किया
माछरा। नंगलामल शुगर मिल द्वारा गांव माछरा में वसंतकालीन गन्ना बुवाई जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने कहा कि किसानों को गन्ने के साथ ही सहफसली बुवाई भी करनी चाहिए, जिससे उनकी दोगुनी आय हो सके।
उप गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने कहा कि किसान मृदा परीक्षण के साथ ही गन्ना बुवाई से पहले बीज का उपचार करें। कृषि वैज्ञानिक डॉ. विकास मलिक ने कृषकों को उन्नतशील व अधिक पैदावार देने वाली गन्ना प्रजातियों से अवगत कराया। कीट विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. गजे सिंह ने गन्ने के प्रमुख कीट व उनके प्रबंधन पर कृषकों को जागरूक किया।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने कृषकों से अपने खेत में गन्ना पौधशाला तैयार करने को कहा। नंगलामल शुगर मिल के सहायक महाप्रबंधक हरिओम शर्मा ने बताया कि गन्ने 0238 प्रजाति के स्थान पर 0118 की बुवाई करें। जिला उद्यान अधिकारी रामवीर सिंह राठौर ने टपक सिंचाई संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में नंगलामल मिल के गन्ना महाप्रबंधक एलडी शर्मा, उप महाप्रबंधक गन्ना जयवीर सिंह, एसपी सिंह सहायक महाप्रबंधक व कृषकों ने प्रतिभाग किया।
इन किसानों को किया सम्मानित
टपक सिंचाई पद्धति अपनाने और सहफसली खेती करने वाले किसान आस मोहम्मद, रागिब, कांती प्रसाद त्यागी खंद्रावली, देवेंद्र सिंह माछरा, कृष्ण त्यागी माछरा, अुनराग अजराड़ा की मड़ैया, करतारी देवी गोविंदपुरी, ओमपाल सिंह, सुशील नंगलामल, अंकुर चौहान गेसुपुर, महेश त्यागी खरखौदा, विजय कुमार भटीपुरा, नरेंद्र सिंह खड़खड़ी, सुरेंद्र प्रसाद शर्मा गावड़ा, अमरिका सिंह सूदना, मनोज सिंह, ओमपाल शोल्दा, मनोज शर्मा अरनावली, रतनपाल भटीपुरा को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर उप गन्ना आयुक्त ने सम्मानित किया।