गन्ना पर्चियां न मिलने से किसान परेशान, खेतों में अभी तक खड़ा है पेड़ी गन्ना
माछरा। क्षेत्र के किसान कम गन्ना पर्चियां मिलने के कारण परेशान हैं। उनके खेतों में अभी तक पेड़ी गन्ना खड़ा हुआ है। पेड़ी के बाद ही किसान पौधे गन्ने की कटाई करते हैं।
सहकारी गन्ना विकास समिति मेरठ के माध्यम से किसान नंगलामल शुगर मिल व अन्य शुगर मिलों को गन्ने की आपूर्ति करते हैं। परंतु मेरठ-गढ़ मार्ग के किसान नंगलामल शुगर मिल को ही गन्ने की आपूर्ति करते हैं। कृषक श्याम त्यागी ने बताया कि उनके पास जो पेड़ी का गन्ना था, उसे कोल्हू पर ही डालना पड़ा, क्योंकि उनकी सभी गन्ना पर्चियां गन्ना समिति एवं शुगर मिल अधिकारियों ने पौधे के कॉलम में लगा रखी थी। माछरा, नंगली अब्दुल्ला, कासमपुर, हसनपुर कलां, शोल्दा, गोविंदपुरी, रछौती, भटीपुरा, मऊखास, नंगलामल, साफियाबाद लोटी आदि गांवों के किसानों ने बताया कि उन्हें कम मात्रा में गन्ना पर्चियां दी जा रही हैं, जिससे गन्ना आपूर्ति करने में परेशानी आ रही है। कुछ किसान खेत खाली करने के लिए एवं गन्ना पर्चियां न मिलने के कारण कोल्हू पर ही अपना गन्ना सस्ते मूल्य पर डाल रहे हैं। क्षेत्र के कृषक प्रमोद कुमार, संजीव, ब्रजेश कुमार आदि ने बताया कि कई बार गन्ना समिति व शुगर मिल के अधिकारियों से मिलकर ज्यादा पर्ची देने की मांग की गई, परंतु उनकी आवाज किसी ने नहीं सुनीं।
सहकारी गन्ना समिति मेरठ के सचिव पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि मिल की ओर से जारी इंडेंड के अनुरूप ही पर्चियां किसानों को दी जा रही हैं।