सरधना। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव रासना निवासी किसान विशाल त्यागी ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया है कि गांव का एक युवक उसे लगातार धमका रहा है। किसान ने कहा है कि वह और उसका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। किसी अनहोनी की आशंका के चलते प्रशासन से मदद की अपेक्षा कर रहे हैं। वीडियो में किसान ने यह भी कहा कि उसने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा दी है। इसके बावजूद उसे राहत नहीं मिली है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित युवक की होगी। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की भी जानकारी जुटाई जा रही है।