- चार दिन पहले बड़े भाई का बीमारी से हुआ था निधन, शुक्रवार को थी तेरहवीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। मेरठ-करनाल हाईवे पर रिठाली चौपले के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से बाइक सवार छुर गांव निवासी किसान रणधीर (50) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। परिवार में पहले से ही मातम पसरा था। चार दिन पहले ही रणधीर के बड़े भाई कुलदीप का बीमारी के चलते निधन हो गया था। शुक्रवार को कुलदीप की तेरहवीं थी। इसी दिन दूसरे भाई की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रणधीर शुक्रवार को बाइक पर सवार होकर गांव भूनी की ओर से अपने गांव छुर जा रहे थे। वह रिठाली चौपले के पास गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर मुड़े तो तभी शामली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। रणधीर बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, रणधीर की मौत की सूचना घर पहुंची तो तेरहवीं में शामिल होने आए रिश्तेदारों और ग्रामीणों में भी शोक छा गया। चार दिन पहले बड़े भाई कुलदीप की मौत के बाद परिवार अभी सदमे से उबर भी नहीं पाया था। शुक्रवार को उनकी तेरहवीं के दिन ही रणधीर की भी हादसे में जान चली गई। एक ही परिवार में दो भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।
एक महीने बाद उठनी थीं बेटी की डोली
ग्रामीणों के अनुसार, रणधीर की बेटी की शादी एक महीने बाद तय थी। इसी के चलते बड़े भाई कुलदीप की तेरहवीं का कार्यक्रम भी जल्दी रखा गया था। परिवार चाहता था कि शोक की घड़ी के बाद बेटी की शादी की खुशियां मनाई जाएं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शुक्रवार को जिस दिन घर में कुलदीप की तेरहवीं हो रही थी, उसी दिन रणधीर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बेटी को दुल्हन के रूप में देखने का पिता का सपना अधूरा रह गया। चार दिन में दो भाइयों की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
तीन में से एक भाई जीवित
परिजनों के अनुसार, वह तीन भाई थे। इनमें अभी एक जीवित है। जबकि कुलदीप व रणधीर की मौत हो चुकी है। रणधीर खेतीबाड़ी करता था। उसके तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटी और 11 वर्षीय एक बेटा है। दोपहर तक बड़े भाई की तेहरवीं की रस्म पूरी होने के बाद रणधीर किसी काम से भूनी की ओर गया था।