उत्तर प्रदेश के बागपत में शनिवार सुबह एक किसान की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार किशनपुर बिराल गांव में 52 वर्षीय किसान सोमवीर शुक्रवार रात अपने घर के निचले हिस्से में बने कमरे में सो रहा था कि इसी दौरान किसी ने उस पर धारदार हथियार से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। शनिवार सुबह परिजनों को सोमवीर का शव कमरे में लहूलुहान मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक सोमवीर अविवाहित था। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।