विधायक सत्यवीर त्यागी मृतक किसान पूरण सिंह के परिजनों को सांत्वना देते हुए।
- फोटो : KITHOR
मुंडाली। मेघराजपुर के जंगल में आवारा सांड़ ने एक किसान पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
मेघराजपुर निवासी पूरण सिंह (55) पुत्र रामनिवास शनिवार को खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान आवारा मवेशी आ गए। पूरण सिंह एवं उनकी पत्नी सुरेशवती ने उन्हें भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान पूरण सिंह पर एक सांड़ ने पीछे से हमला कर दिया। जिस पर सुरेशवती ने मदद के लिए शोर मचाया। इस दौरान ग्रामीण सुनील शर्मा खेत में गेहूं की बुवाई करके लौट रहे थे। उन्होंने ट्रैक्टर सांड़ के पीछे दौड़ा दिया। जिससे वह भाग गया। इस पर परिजन एवं ग्रामीण जानकारी पाकर पहुंच गए। वहीं, मुंडाली थानाध्यक्ष एवं चौकी इंचार्ज ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
वहीं, किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने वन विभाग, पशुपालन विभाग एवं बीडीओ माछरा को आवारा गोवंश को पकड़कर गोशाला भेजने के निर्देश दिए। वहीं, मेघराजपुर की ग्राम प्रधान ममता जाटव ने बताया कि गांव में आवारा पशु रास्ते में भटकते रहते हैं। वे कई बार ग्रामीणों को घायल कर चुके हैं। वहीं, एडीओ पंचायत अमित कुमार, शशिकांत शर्मा, पशुपालन विभाग से डॉ. संदीप शर्मा शाम तक सांड़ को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे।