मेरठ में किला रोड स्थित बीएनजी स्कूल के सामने रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति शराब के नशे में हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। युवक की पहचान सिविल लाइन निवासी किसान मनोज पुत्र प्रेमपाल के रूप में हुई है, जो अपनी ज़मीन के अधिग्रहण और मुआवज़ा न मिलने को लेकर नाराज था।
यह भी पढ़ें: UP: सचिन बनकर की शादी, गर्भवती होने पर छोड़ा, पकड़ा तो मुबस्मीर बोला-ये हमारा पेशा, धर्म परिवर्तन का भी दबाव
मनोज का आरोप था कि मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने उसकी जमीन गंगानगर योजना के तहत अधिग्रहित कर ली, लेकिन अब तक कोई मुआवज़ा नहीं दिया गया। घटना की सूचना पर थाना भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मनोज को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, जब मनोज खंभे से नीचे उतरने लगा तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल मनोज को तुरंत मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।