दौराला। पबरसा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार के पांच लोगों ने किसान विकास पर घर में घुसकर हमला कर दिया। थाने पर दर्ज प्राथमिकी में विकास ने बताया कि 16 अप्रैल को वह अपने भाई राहुल के साथ खेत से घास लेकर घर लौटा था। गांव के ही मोहित, शिवम, सतपाल, काजल, रूमा घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर उसे लाठी-डंडों और ईंटों से पीटते रहे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।