संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बा करनावल निवासी किसान राजीव ने कुछ लोगों पर सिंचाई के लिए नहर का पानी लेने से रोकने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
करनावल निवासी राजीव ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि किनौनी निवासी कुछ लोग उन्हें नहर का पानी लेने से रोकते हैं और विरोध करने पर मारपीट करते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित लोग सिंचाई के लिए आने वाले नहर के पानी का उपयोग अपने ईंट-भट्ठे और मजदूरी से जुड़े कार्यों में कर रहे हैं तथा अन्य किसानों को पानी लेने नहीं दे रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी उनके दोनों पुत्रों के साथ भी मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। राजीव का कहना है कि मामले की जांच के लिए सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने मामले में सिंचाई विभाग के एक्सईएन को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।