मनचले से परिवार परेशान, पुलिस चौकी में हंगामा
खरखौदा। बिजली बंबा बाईपास पुलिस चौकी पर बृहस्पतिवार को दिनभर हंगामा चला। आरोप है कि एक मनचले से एक परिवार परेशान है। बुधवार को मनचला उनके घर में कूद गया। आरोपी को परिजनों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची, लेकिन पुलिस ने समझौता करा दिया। खरखौदा थानाक्षेत्र के अंतर्गत बिजली बंबा बाईपास पुलिस चौकी के पास एक कॉलोनी में एक परिवार की बेटी से एक मनचला छेड़छाड़ करता है। परिजनों का आरोप है कि छेड़खानी से परेशान होकर उनकी बेटी ने दस साल पहले स्कूल जाना छोड़ दिया था। बुधवार रात आरोपी पीड़ित परिवार के घर में कूद गया। जिस पर परिजनों की आंख खुल गई और आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इस मामले को लेकर बिजली बंबा बाईपास पुलिस चौकी पर बृहस्पतिवार को दिनभर हंगामा चला। शाम को पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। सीओ किठौर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि इस मामले की जानकारी थाने तक नहीं पहुंची। चौकी पर समझौता हुआ है तो इसकी जांच कराई जाएगी।