मेरठ के थापर नगर में बीती गुरुवार सुबह वृद्धा की मौत के बाद उनकी पौत्री पॉजिटिव आने से घर पर ताला लटक गया। उन्हें सुभारती में आइसोलेट किया है। इसके माता-पिता पूर्व में कोरोना संक्रमित मिले थे। उनका सुभारती अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार सदर बाजार थाना क्षेत्र के 86/1 थापरनगर निवासी वृद्धा (81) की गुरुवार तड़के मौत हो गई। उनका फाइनेंस एडवाइजर 60 वर्षीय पुत्र और पुत्रवधू 26 मई को कोरोना पॉजिटिव आए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को सुभारती में आइसोलेट करा दिया था।
घर में वृद्धा की पौत्री क्वारंटीन थीं। उन्हें भी पॉजिटिव पाए जाने पर शुक्रवार शाम को सुभारती अस्पताल में आइसोलेट कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धा की मौत कोरोना से मानी थी। हालांकि सैंपल जांच के लिए नहीं भेजा। उधर, एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता का कहना है थापर नगर निवासी परिवार का घर बंद है तथा वहां एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई है। हालांकि परिवार के नौकर की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
व्यापारी परिवार के 6 लोग संक्रमित
कोतवाली क्षेत्र के व्यापारी विपिन रस्तोगी (62) को बीती 25 मई को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया था। उन्हें बाद में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में व्यापारी के परिवार की पांच महिला एवं एक बच्ची संक्रमित मिले हैं।