संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला तिहाई जुड़्डी निवासी एक महिला ने अपने परिजनों पर प्रेम विवाह से नाराज होकर मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
लक्ष्मी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व अपने मोहल्ले के नितिन के साथ प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उसके मायके वाले नाराज चल रहे हैं और रंजिश रखते हैं। आरोप है कि उसके पिता, माता और बहन अक्सर उन्हें जान से मारने की धमकियां देते रहते हैं। मंगलवार को वह अपने पति और दो वर्षीय बच्चे के साथ दशहरा मेला देखने आई थी। भूड़ वाले मेले के पास उसके माता-पिता और बहन ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बच्चा छीनने का प्रयास-
इसी दौरान आरोपियों ने लक्ष्मी का दो साल का बच्चा छीनने का प्रयास किया। उन्होंने उसके पति पर चाकू से वार भी किया, लेकिन पति ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। शोर-शराबा होने पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस बल को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लक्ष्मी ने अपनी और पति की जान को खतरा जताते हुए पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस मामले में जांच कर रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-