– पुलिस खाली हाथ, परिजनों ने दी एसएसपी से शिकायत की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। जटपुरा गांव में छज्जा निर्माण को लेकर हुए विवाद में मारे गए रामवीर के परिजनों में पुलिस कार्रवाई को लेकर गहरा आक्रोश है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मंगलवार को एसएसपी से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
रामवीर अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। छज्जा निकालने को लेकर उसका विवाद पड़ोसी फूल कुमार पक्ष से हो गया। आरोप है कि फूल कुमार और उसके साथियों ने रामवीर के घर पर धावा बोल दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल रामवीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। रामवीर के परिजनों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों से मिली हुई है और जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर मंगलवार तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मेरठ जाकर एसएसपी कार्यालय पर धरना देंगे और पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत करेंगे।
सीओ सरधना आशुतोष ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।