संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। सलाहपुर गांव में बृहस्पतिवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच मारपीट हो गई। झगड़े में छोटे भाई की गर्भवती पत्नी आयशा के पेट में चोट लगने से वह घायल हो गई। घायल का उपचार स्थानीय सीएचसी में कराया गया।
सलाहपुर निवासी आरिफ ने अपने भाई राशिद को कुछ समय पूर्व तीन लाख रुपये उधार दिए थे। कई दिनों तक रुपये वापस न मिलने पर बृहस्पतिवार दोपहर आरिफ, राशिद के घर गया। घर के अंदर बैठे पिता लियाकत ने बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राशिद भी झगड़े में शामिल हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और घर के अंदर खड़ी गर्भवती आयशा के पेट पर चोट लगी। झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। इसके बाद घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।