रोहटा। थाने में परिवार निस्तारण क्लीनिक का उद्घाटन करते एडीजी भानु भास्कर। साथ में एसएसपी बीबीज
- रोहटा थाने में परिवार निस्तारण क्लीनिक का एडीजी ने किया शुभारंभ
- परिवारों को समाधान के लिए चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और समझौते के जरिये सुलझाने के लिए सोमवार को रोहटा थाने में मिशन शक्ति केंद्र के अंतर्गत परिवार निस्तारण क्लीनिक की शुरुआत की गई। एडीजी भानु भास्कर ने क्लीनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से पारिवारिक विवादों के समाधान में तेजी आएगी और लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के निस्तारण के लिए मेरठ शहर नहीं जाना पड़ेगा।
एडीजी ने कहा कि कई बार मामूली विवाद भी समय के साथ गंभीर रूप ले लेते हैं। इससे परिवारों के बीच मनमुटाव बढ़ने के साथ रिश्तों में भी दूरियां आ जाती हैं। ऐसे मामलों में समय रहते दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से समाधान निकालना जरूरी है। परिवार निस्तारण क्लीनिक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। क्लीनिक में स्थानीय स्तर पर विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे संबंधित परिवारों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी। क्लीनिक का उद्देश्य विवादों को बढ़ने से पहले सुलझाने और परिवारों के बीच आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करना है। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ सरधना आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी पूजा पंवार मौजूद रहे।