घर में घुसकर हमला और छेड़छाड़ का आरोप, आठ आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 30 जुलाई की रात बिजली का तार निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने घर के बाहर व अंदर घुसकर हमला किया। इस दौरान एक युवती से भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जुल्फिकार, यूनुस, जावेद, एजाज, जहीद, शाहरुख, अरशद व शुएब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक कॉलोनी निवासी एक युवक ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनके घर की बिजली चली गई। उनकी मां ने बाहर निकलकर देखा तो मोहल्ले का जुल्फिकार बिजली के खंभे से उनके घर की लाइन का तार निकाल रहा था। उन्होंने आरोपी की हरकतों का विरोध किया।
आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर लाठी-डंडे और सरिये लेकर पहुंच गए और महिला को गली में गिराकर मारपीट शुरू कर दी। महिला का शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार ने घर के अंदर घुसकर हमले से बचाने का प्रयास किया। मगर आरोपियों ने घर में घुसकर परिवार पर दोबारा हमला कर दिया। परिवार की एक युवती के साथ भी छेड़छाड़ की। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए। सूचना पर डायल-112 मौके पर पहुंची थी। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर मौके से भाग गए थे। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-